
उदित वाणी,सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के नातीडीह गांव में मंगलवार रात एक हाथी ने 18 वर्षीय युवक पर हमला कर दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रात करीब 9:30 बजे की है।
मिली जानकारी के अनुसार नातीडीह गांव का सीदीयू हाईबुरू रात में खाना खाने से पहले घर के पास शौच के लिए गया था। जैसे ही वह पेड़ के नीचे बैठा पेड़ के पीछे छिपा हाथी अचानक सामने आ गया और अपनी सूंड से युवक को उठाकर पटक दिया। हाथी के फेंकने से युवक पास के तालाब में जा गिरा।
ग्रामीणों ने शोर मचाया तो हाथी वहां से भाग गया। इसके बाद लोगों ने घायल युवक को तालाब से बाहर निकाला और तुरंत सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया। फिलहाल युवक का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
गांववालों का आरोप है कि हाथी की मौजूदगी की जानकारी पहले ही वन विभाग को दे दी गई थी लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। घटना के बाद ही वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और फिर हाथी को भगाने के लिए मौके पर रवाना हुई।

