
उदित वाणी, रांची : 14 वीं जेपीएससी संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा आयोजित करने को लेकर राज्य सरकार द्वारा प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है. कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा जेपीएससी को रिक्तियों की अधियाचना भेजने के पहले राज्य सरकार के सभी विभागों को पत्र लिख कर अतिशीघ्र रिक्तियां उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. विभागों से कहा गया कि वह जितनी जल्दी हो सके रिक्तियां उपलब्ध कराए.
विभागों से प्राप्त रिक्तियों की गणना करने के बाद कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा जेपीएससी को अधियाचना भेजी जायेगी. ज्ञात हो कि कार्मिक विभाग द्वारा राज्य प्रशासनिक सेवा, राज्य पुलिस सेवा, सूचना सेवा, वित्त सेवा, श्रम सेवा, शिक्षा सेवा समेत अन्य सेवाओं की रिक्तियों की अधियाचना जेपीएससी को भेजी जाती है. जिसके आधार पर जेपीएससी द्वारा सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित किया जाता है.
