
उदित वाणी, घाटशिला : गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-18 पर बड़ा उल्दा और छोटा उल्दा के बीच मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई. दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार बड़ा उल्दा निवासी इंद्रजीत सिंह अपनी पत्नी ममता सिंह और सास के साथ किसी जरूरी कार्य से छोटा उल्दा जा रहे थे. इसी दौरान उल्दा के पास डिवाइडर पार करते समय जमशेदपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक दूसरी बाइक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इंद्रजीत, उनकी पत्नी और सास सड़क पर गिर पड़े. मौके पर ही उनकी सास की मौत हो गई, जबकि ममता सिंह और इंद्रजीत गंभीर रूप से घायल हो गए.

इलाज जारी, एक की हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग वाहन और गालूडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया. मृतका की पहचान डुमरिया थाना क्षेत्र के आस्ता कवाली निवासी महिला के रूप में हुई है.
इंद्रजीत और उनकी पत्नी का इलाज घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है, वहीं टक्कर मारने वाले बाइक सवार की स्थिति भी गंभीर है. उसका इलाज गालूडीह के निरामय हेल्थ केयर में किया जा रहा है.
क्या डिवाइडर पार करना बना हादसे की वजह?
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर अनियोजित डिवाइडर और गति नियंत्रक के अभाव के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

