
उदित वाणी, घाटशिला : घाटशिला थाना क्षेत्र के मनोहर कॉलोनी के समीप एनएच-18 फोरलेन पर शनिवार को एक चलती बाइक में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई.
बाइक में अचानक लगी आग, चालक ने बचाई जान
बाइक चालक लक्ष्मण महतो, जो चाकुलिया थाना क्षेत्र के कुमारीसोल का निवासी है, ने बताया कि वह अपनी स्प्लेंडर प्लस (JH05DW-6235) से गालूडीह की ओर जा रहा था. जैसे ही वह एसडीओ कार्यालय के समीप पहुंचा, उसे बाइक से धुआं निकलता महसूस हुआ. तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उसने बाइक को फोरलेन के किनारे खड़ा किया और खुद भागकर जान बचाई.
एक साल पुरानी बाइक जलकर खाक
लक्ष्मण महतो ने बताया कि यह बाइक उसने दिसंबर 2024 में खरीदी थी. आग किस कारण लगी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान शॉर्ट सर्किट का लगाया जा रहा है.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से घटना की जानकारी ली. हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना ने लोगों के बीच दहशत और चिंता जरूर बढ़ा दी है.

