
उदित वाणी, घाटशिला : विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रशासन ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. इसी क्रम में गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला एवं सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने गालूडीह थाना क्षेत्र के गुढ़ाझोर और काशपानी गांव में अवैध शराब निर्माण केंद्रों पर छापेमारी की.
इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व उत्पाद निरीक्षक रामदास भगत ने किया. कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने पाँच अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया, करीब 1150 किलो जावा महुआ को नष्ट किया और 57 लीटर तैयार चुलाई शराब जब्त की. मौके पर मौजूद सभी निर्माण सामग्री को नष्ट कर अवैध उत्पादन केंद्रों को बंद करा दिया गया.
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि चुनाव अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध शराब की बिक्री, परिवहन या भंडारण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अपने क्षेत्र में चल रही किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या उत्पाद विभाग को दें, ताकि ऐसे कुकृत्यों पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जा सके.
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, जबकि आम जनता ने प्रशासन की इस सख्त कार्यवाही की प्रशंसा की है.

