
उदित वाणी, जमशेदपुर : 45-घाटशिला (अ.ज.जा.) विधानसभा उपचुनाव 2025 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन की दिशा में मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार से आरंभ हुआ. यह प्रशिक्षण 14 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक जमशेदपुर महिला महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया जा रहा है.
प्रशिक्षण के पहले दिन मास्टर ट्रेनर्स को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं. इसमें ईवीएम एवं वीवीपैट के संचालन, मतदाता उपस्थिति प्रबंधन, मतदान दिवस की प्रक्रियाएँ, सामान्य त्रुटियों के समाधान तथा तकनीकी शंकाओं के निवारण से संबंधित विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन प्रदान किया गया.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार प्रशिक्षण कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी ने सभी मास्टर ट्रेनर्स को समय पर प्रशिक्षण सत्र में उपस्थित होकर आवश्यक दक्षता अर्जित करने का निर्देश दिया है, ताकि आगामी प्रशिक्षण चरणों और मतदान प्रक्रिया में उच्च स्तर की दक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके.

