
उदित वाणी, जमशेदपुर : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव-2025 की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारी तेज हो गई है. इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने गुरुवार को कॉपरेटिव कॉलेज का निरीक्षण किया. उन्होंने ईवीएम डिस्पैच एवं रिसीविंग सेंटर के निर्माण और चुनावी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
गौरतलब है कि 45-घाटशिला विधानसभा क्षेत्र की सभी पोलिंग पार्टियां कॉपरेटिव कॉलेज परिसर से ही रवाना की जाएंगी. मतदान के बाद ईवीएम की रिसीविंग भी यहीं की जाएगी. निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने कॉलेज परिसर का विस्तृत मुआयना किया और पोलिंग पार्टियों के सुचारू प्रस्थान के लिए सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की.
अधिकारियों ने भवन निर्माण विभाग के अभियंता को स्ट्रॉंग रूम निर्माण का कार्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया. साथ ही परिसर में पर्याप्त बेरिकेडिंग और सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया.
निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पोलिंग पार्टियों के बीच चुनाव सामग्री वितरण, ईवीएम-वीवीपैट रखरखाव, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुचारू रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. इसके अलावा चिकित्सा सुविधाएं, हेल्प डेस्क, रिजर्व बल, माइक्रो ऑब्जर्वर और मेडिकल टीम के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया.
सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर निर्वाचन कार्यों के निष्पादन का निर्देश दिया गया. निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, डीटीओ धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, भवन निर्माण विभाग के अभियंता, डीएसपी, थाना प्रभारी समेत कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

