
उदित वाणी, घाटशिला : घाटशिला विधानसभा उप चुनाव 2025 के लिए मतदान कर्मियों का दूसरा रेंडमाइजेशन कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में संपन्न हुआ. इस प्रक्रिया में निर्वाचन आयोग के विशेष सॉफ्टवेयर के माध्यम से मतदान दलों का गठन किया गया. विदित हो कि पहले रेंडमाइजेशन में मतदान कार्य के लिए कर्मचारियों का चयन किया गया था, जबकि दूसरे रेंडमाइजेशन में इन कर्मचारियों को मतदान दलों में बाँटा गया है. अब सभी 300 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दल गठित कर दिए गए हैं.
तीसरे चरण के रेंडमाइजेशन में प्रत्येक मतदान दल को उसका संबंधित मतदान केंद्र आवंटित किया जाएगा. मतदान के दिन तीसरे रेंडमाइजेशन से यह निर्धारित होगा कि कौन-सा दल किस बूथ संख्या पर मतदान कार्य संपन्न करेगा.

इस अवसर पर सामान्य प्रेक्षक श्रीमती राखी विश्वास एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी की मौजूदगी में प्रक्रिया सम्पन्न हुई. रेंडमाइजेशन कार्यक्रम में डीडीसी नागेन्द्र पासवान, निर्वाची पदाधिकारी घाटशिला विधानसभा क्षेत्र सुनील चंद्र, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, डीसीएलआर सच्चिदानंद महतो, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, तथा जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी किशोर प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
इस प्रक्रिया का उद्देश्य निर्वाचन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और सटीक रूप से सुनिश्चित करना है ताकि उपचुनाव शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके.

