
उदित वाणी, जमशेदपुर : झारखंड की चर्चित घाटशिला विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने एक बार फिर अपनी चुनावी ताकत का प्रदर्शन किया है. दिवंगत विधायक रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन ने भारी मतों से जीत दर्ज कर पहली बार झारखंड विधानसभा में प्रवेश करने की राह पर हैं.
घाटशिला उप चुनाव मे EVM के 20 राउंड (अंतिम राउंड)में सोमेश सोरेन को 104794 वोट मिले है. वे 38524 वोट से आगे चल रहे हैं, दूसरे स्थान पर भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन हैं जिन्हें 66270 वोट मिले है l तीसरे स्थान पर JLKM के प्रत्याशी रामदास मुर्मू को 11542 वोट मिले है l, चुनावी अखाड़े में कुल 13 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.
रामदास सोरेन: जमीन से जुड़े नेता, जनता का गहरा विश्वास
दिवंगत रामदास सोरेन घाटशिला की राजनीति में एक सरल व लोकप्रिय जननेता के रूप में स्थापित रहे. आदिवासी समाज की आवाज उठाने, स्थानीय विकास को गति देने और खनन प्रभावित क्षेत्रों में जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के कारण उन्होंने एक मजबूत जनाधार तैयार किया था.
उनके असामयिक निधन के बाद उपचुनाव में जनता ने भावनात्मक समर्थन और विश्वास के साथ उनके पुत्र सोमेश को आगे बढ़ने का मौका दिया.
पहली बार विधानसभा पहुँचने जा रहे सोमेश सोरेन—युवा नेतृत्व की नई उम्मीद
उपचुनाव में सोमेश सोरेन ने पहली बार चुनावी मैदान में उतरते हुए बेहद सादगीपूर्ण और जमीनी अभियान चलाया. गांव–गांव जाकर जनता से संवाद करने और अपने पिता के अधूरे कार्यों को पूरा करने के संकल्प ने उन्हें अपार समर्थन दिलाया.
युवा और साफ छवि वाले सोमेश को विशेषकर आदिवासी समुदाय, खनन क्षेत्रों के मजदूरों, ग्रामीण महिलाओं और युवाओं का भारी समर्थन मिला., अब तक की मतगणना ने साबित कर दिया कि जनता ने अपने नए प्रतिनिधि के रूप में उन्हें पूरी तरह स्वीकार करने का मन लगभग बना लिया है.
झामुमो का दबदबा बरकरार, विपक्ष की रणनीति फेल
घाटशिला उपचुनाव झामुमो के लिए उत्साहजनक संदेश लेकर आया है. यह साबित करता है कि पार्टी की संगठनात्मक मजबूती और क्षेत्रीय नेतृत्व पर जनता का भरोसा अभी भी कायम है.
वहीं दूसरी ओर भाजपा सहित विपक्षी दलों के लिए यह मतगणना का अब तक का रुझान निराशाजनक रहा, जो पूरी ताकत के साथ इस उपचुनाव में उतरे थे.
मतगणना- राउंड 20 (अंतिम राउंड)
1. बाबूलाल सोरेन, भाजपा- 66270
2. सोमेश चंद्र सोरेन, झामुमो- 104794
3. पंचानन सोरेन, भारत आदिवासी पार्टी (BAP) – 1047
4. पार्वती हांसदा, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया(डेमोक्रेटिक) – 386
5. रामदास मुर्मू, जेएलकेएम- 11542
6. नारायण सिंह, निर्दलीय प्रत्याशी- 197
7. परमेश्वर टुडू, निर्दलीय- 152
8. बसंत कुमार तोपनो, निर्दलीय- 129
9. मनसा राम हांसदा, निर्दलीय प्रत्याशी- 903
10. मनोज कुमार सिंह, निर्दलीय- 369
11. रामकृष्ण कांति माहली, निर्दलीय- 340
12. विकास हेम्ब्रम, निर्दलीय- 917
13. डॉ. श्रीलाल किस्कू, निर्दलीय- 1503
14. NOTA- 2765

