
उदित वाणी, जमशेदपुर : घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव को लेकर गालुडीह तथा बंगाल बॉर्डर पर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह कड़ा कर दिया है. रोजाना कई जगह वाहनों की सघन जांच की जा रही है ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर रोक लगाई जा सके.
बुधवार की देर रात गालुडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत केशरपुर चेकनाका पर विशेष छापा मारकर एक क्रेटा वाहन (संख्या JH05BT6187) से 1,50,000 रुपये नगद बरामद किए गए. वाहन को लगभग रात 12:30 पर रोका गया था. तलाशी के दौरान यह बड़ी राशि मिली, जिसके बाद वाहन चालक से पूछताछ जारी है कि यह रकम कहां ले जाई जा रही थी और इसका स्रोत क्या है.
प्रशासन ने चुनाव को शांति एवं निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए लगातार सुरक्षा बलों की पेट्रोलिंग बढ़ा दी है. गालुडीह और बंगाल सीमा के साथ-साथ विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीमें लगातार सतर्क हैं. हर आने-जाने वाले वाहन की पैनी जांच की जा रही है ताकि अवैध नकदी, शराब या अन्य सामान की आवाजाही रोकी जा सके.
स्थानीय लोगों ने बताया कि रात के समय भी पुलिस की सक्रियता बढ़ी हुई है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल और मजबूत हुआ है. आने वाले दिनों में यह सुरक्षा अभियान और तेज किया जाएगा ताकि उपचुनाव शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके.

