
उदित वाणी, कोलाबीरा : गम्हरिया प्रखंड के नव प्राथमिक विद्यालय शिवपुर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विशालकाय ज़हरीला सांप कक्षा के अंदर घुस आया. घटना के वक्त लगभग 25 बच्चे पढ़ाई कर रहे थे. अचानक सांप को देखकर स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे चीखते-चिल्लाते हुए इधर-उधर भागने लगे.
शिक्षकों ने बचाई बच्चों की जान
स्थिति को भांपते हुए शिक्षिका प्रभा मंडल और शिक्षक शिवराम नायक ने सूझबूझ दिखाते हुए बच्चों को सुरक्षित रूप से कक्षा से बाहर निकाला. शिक्षकों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया.
ग्रामीणों की मदद से पकड़ा गया सांप
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी विद्यालय परिसर में इकट्ठा हो गए. सामूहिक प्रयासों से सांप को विद्यालय से बाहर निकाला गया. इस पूरी प्रक्रिया के दौरान करीब एक घंटे तक स्कूल में दहशत का माहौल बना रहा. बच्चे भयभीत दिखे और कई अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए.
क्यों उठ रहा है स्कूलों की सुरक्षा पर सवाल?
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने ग्रामीण स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. खुले परिसर, झाड़ियों और साफ-सफाई के अभाव में ज़हरीले जीव-जंतु स्कूलों तक पहुंच जा रहे हैं. बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूल भवनों और परिसर की नियमित निगरानी की आवश्यकता स्पष्ट रूप से महसूस की जा रही है.

