
उदित वाणी, गम्हरिया : गम्हरिया थाना अंतर्गत कोलाबीरा स्थित मूसरीकूदर गांव में शुक्रवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई. अजय मुर्मू की 5 वर्षीय पुत्री बालिका मुर्मू की तालाब में डूबने से मौत हो गई. वह नव प्राथमिक विद्यालय मूसरीकूदर में पहली कक्षा की छात्रा थी.
स्कूल के बाद गई थी तालाब में नहाने
परिजनों के अनुसार, स्कूल से छुट्टी के बाद बालिका दोपहर करीब तीन बजे स्कूल के पास ही स्थित तालाब में नहाने गई थी. जब वह दो घंटे तक वापस नहीं लौटी, तो परिजन चिंतित हो उठे और उसकी तलाश शुरू की.
शाम को मिला बेसुध शव, अस्पताल में हुई पुष्टि
शाम करीब सात बजे बालिका को तालाब में बेसुध अवस्था में पाया गया. तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मजदूरी कर चलाते थे परिवार, छोटी थी तीनों में
बालिका अपने एक भाई और एक बहन में सबसे छोटी थी. माता-पिता दोनों मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. इस हादसे ने पूरे परिवार और गांव को शोक में डुबो दिया है.
पारंपरिक रीति-रिवाज से हुआ अंतिम संस्कार
शनिवार को गांव में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया गया. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस अकाल मृत्यु से व्यथित है.

