
उदित वाणी, गम्हरिया : गम्हरिया प्रखंड के उषा मोड़ स्थित झामुमो कैंप कार्यालय में शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कोबरा सांप अचानक कार्यालय में घुस आया. उस वक्त झामुमो कार्यकर्ता स्थानीय समस्याओं को लेकर बैठक कर रहे थे. सांप को देखते ही कार्यकर्ताओं में हड़कंप मच गया और सभी इधर-उधर भागने लगे.
सांप घुसा बंद कमरे में, ताला तोड़ कर पकड़ा गया
सांप कार्यालय के बगल के एक बंद कमरे में घुस गया. कार्यकर्ताओं ने तत्काल स्थिति को संभालते हुए उस कमरे का ताला तोड़ा और सांप को पकड़ने का प्रयास शुरू किया. करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार्यकर्ताओं ने कोबरा को एक डब्बे में बंद किया और सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया.
साहस और सतर्कता का परिचय
इस पूरी घटना के दौरान झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष भोमरा माझी, नगर उपाध्यक्ष शंकर मुखी, सोखेन हेंब्रम, कोंदा बेसरा, गोम्हा हांसदा समेत कई पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे. कार्यकर्ताओं ने न केवल सूझबूझ बल्कि साहस और सतर्कता का भी परिचय दिया.

