
उदित वाणी, जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में नाट्य संस्था गीता थिएटर और रॉबिन हुड आर्मी के संयुक्त प्रयास से गांधी आश्रम बाराद्वारी में विशेष समर कैंप आयोजित किया गया। इस आयोजन के तहत झारखंड मार्शल आर्ट प्रशिक्षण केंद्र के मास्टर सुनील कुमार प्रसाद एवं ब्लैकबेल मैडी हेम्ब्रम ने कुष्ठ परिवारों के वंचित बच्चों को आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण दिया।
किशोरियों को दी गई आत्मरक्षा की ट्रेनिंग
कार्यशाला में विशेष रूप से बाराद्वारी गांधी आश्रम की किशोरियों पर ध्यान केंद्रित किया गया। प्रशिक्षक सुनील कुमार प्रसाद ने बच्चों को समझाया कि जब भी कोई उनके साथ गलत व्यवहार करने की कोशिश करे, तो दूसरों के सहारे रहने के बजाय खुद अपनी रक्षा करनी चाहिए। इसके लिए मार्शल आर्ट्स के प्रभावी तरीके सिखाए गए, जिनसे वे शारीरिक रूप से अपने आप को सुरक्षित रख सकें। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जरूरत पड़ने पर इस आश्रम के बच्चों को उनके प्रशिक्षण केंद्र से निःशुल्क मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यंग इंडियन टीम ने बच्चों को सड़क सुरक्षा से अवगत कराया
समर कैंप के दूसरे सत्र में यंग इंडियन की टीम गांधी आश्रम पहुंची। उन्होंने बच्चों को सड़क सुरक्षा से संबंधित दो फिल्में दिखाईं। इसके बाद बच्चों से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जिनका अधिकांश बच्चे उत्साह और सही जवाबों के साथ उत्तर दे रहे थे। यंग इंडियन के सागर और अमित ने आयोजक समिति का आभार व्यक्त किया कि वे ऐसे बच्चों के लिए समर कैंप आयोजित कर रहे हैं, जो गर्मियों की छुट्टियों में बाहर कहीं नहीं जा पाते। उन्होंने कहा कि बाहर के लोग अक्सर इन बच्चों से दूरी बनाते हैं, लेकिन आयोजक समिति ने इन्हें मजेदार और सीखने वाले माहौल में शामिल किया है।
आयोजकों का उद्देश्य
गीता थिएटर की अध्यक्ष गीता कुमारी ने कहा कि हमारा प्रयास है कि इन वंचित बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनके भीतर छिपे हुनर को पहचान मिले और वे एक नई पहचान बना सकें।
इयो क्लब के युवा भी बच्चों के साथ रहे
समर कैंप में इयो क्लब जमशेदपुर के उपेंद्र गुप्ता, अभिषेक, श्रद्धा, आलेख, दीपू, अंकित और नीरज जैसे स्वयंसेवक बच्चों का ध्यान रख रहे थे। उन्होंने बच्चों को संभालने और उनकी देखभाल करने का महत्वपूर्ण काम किया।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।