उदित वाणी, जमशेदपुर: मजदूर दिवस के अवसर पर मेंस यूनियन द्वारा टाटा शाखा-1 और शाखा-2 में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दोनों शाखाओं के सभी सदस्य उत्साहपूर्वक शामिल हुए और मजदूर एकता का संदेश दिया।
इस मौके पर मंडल संयोजक कॉमरेड मनोज कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। अपने संबोधन में उन्होंने मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया और कहा कि यदि मजदूर अपने हक के लिए संगठित होकर संघर्ष करें, तो कोई भी शक्ति उन्हें वंचित नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि किसी भी देश का विकास मजदूरों के बिना संभव नहीं है। कॉमरेड सिंह ने जोर देते हुए कहा कि मजदूरों को अपने अधिकारों को जानना, समझना और उन्हें प्राप्त करने के लिए लगातार संघर्ष करना चाहिए।
अपने वक्तव्य में उन्होंने मजदूर दिवस के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि 1 मई 1886 को अमेरिका के शिकागो शहर के हेमार्केट में मजदूरों ने 8 घंटे काम की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था, जिसमें कई लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। इसी घटना की स्मृति में 1 मई को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी मजदूरों से एकजुट रहने का आह्वान किया और कहा कि संघर्ष के माध्यम से ही बदलाव संभव है। सभी ने एक स्वर में कहा कि मजदूरों को संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।
कार्यक्रम के अंत में मजदूरों ने अपने अनुभव साझा किए और यूनियन की मजबूती के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मेंस यूनियन के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे, जिनमें कॉमरेड शिव जी शर्मा, जवाहरलाल, अजय कुमार सिंह, संजय सिंह, शिव नारायण शिव, एम.पी. गुप्ता, जे.बी. सिंह, गौतम विश्वास, नीतीश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।