
उदित वाणी, रांची : 9 से 11 अगस्त तक आयोजित किये जानेवाले आदिवासी महोत्सव के दौरान फिल्म फेस्टिवल भी आयोजित किया जायेगा. जिसमें झारखंड के स्थानीय कलाकारों द्वारा निर्मित फिल्मों को प्रदर्शित किया जायेगा. कार्यक्रम को लेकर झारखंड मंत्रालय प्रोजेक्ट भवन स्थित मुख्यसचिव सभागार में आदिवासी महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता मुख्यसचिव श्रीमती अलका तिवारी ने की.
बताया गया कि इस बर्ष महोत्सव के दौरान पहली बार भव्य कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा. जिसमें प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास, संपत सरल समेत अन्य राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय कवि शामिल होने की संभावना है. इस अवसर पर 32 जनजातीय कलाकारों द्वारा रीझ रंग रसिका का आयोजन भव्यता पूर्ण तरीके से किया जाएगा. झांकी के माध्यम से झारखंड की समृद्ध आदिवासी कला संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए रीझ रंग रसिका का प्रदर्शन विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगा. बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के बिशेष सचिव राजीव लोचन बख्शी ने महोत्सव की तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी.
बताया गया कि राजधानी रांची समेत अन्य जिलों में आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए जायेंगे. जो युवाओं और पर्यटकों के बीच महोत्सव की लोकप्रियता को बढ़ायेगा. महोत्सव में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर की भी व्यवस्था की जायेगी. महोत्सव में झारखंड की समृद्ध विरासत का अनुभव कराया जायेगा. मीडिया सेंटर की स्थापना, झारखंडी व्यंजन स्टॉल, ड्रोन शो, लेजर शो और आदिवासी परिधान शो सहित कई नवाचारों को महोत्सव का हिस्सा बनाया जाएगा.
