
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है. सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी तो भय और दहशत का माहौल बन गया. लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद टेल्को थाना की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की.
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की तेजधार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है. मृतक के गले पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं, जो इस बात की ओर इशारा करते हैं कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है. घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस को संदेह है कि वारदात किसी अन्य स्थान पर अंजाम दी गई और बाद में शव को यहां लाकर फेंक दिया गया.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जहां शव मिला है, वहां खून के धब्बे, संघर्ष के संकेत या कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं पाई गई है. इससे यह संभावना और मजबूत हो जाती है कि हत्या कहीं और हुई है. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. युवक किस इलाके का रहने वाला है और उसकी हत्या किन कारणों से की गई, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके. टेल्को थाना पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

