
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भालूबासा काली मंदिर रोड नंबर-9 इलाके में शुक्रवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब भिखारी के भेष में आई दो महिलाओं को चोरी की कोशिश करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया. हैरानी की बात यह रही कि दोनों महिलाएं अपने साथ गोद में छोटे-छोटे बच्चों को लिए हुई थीं, जबकि उनके साथ एक 5 से 6 वर्ष का बच्चा भी मौजूद था, जिससे किसी को उन पर संदेह नहीं हुआ.
जानकारी के अनुसार, सुबह के समय एक घर का मुख्य गेट खुला देखकर दोनों महिलाएं अचानक घर के अंदर घुस गईं. घर में प्रवेश करते ही उन्होंने अलमारी खोलकर मोबाइल फोन समेत अन्य कीमती सामान चोरी करने की कोशिश शुरू कर दी. इसी दौरान घर के अंदर से आवाज सुनाई दी, जिससे घरवालों को शक हुआ.
घर के सदस्यों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों महिलाओं को पकड़ लिया. खुद को फंसा देख महिलाएं गरीब और मजबूर होने की दुहाई देने लगीं. शोरगुल सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने ले गई. पुलिस बच्चों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि कहीं यह कोई संगठित गिरोह तो नहीं, जो बच्चों का इस्तेमाल सहानुभूति हासिल करने और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में करता हो.
स्थानीय लोगों का कहना है कि महिलाओं की वेशभूषा और बच्चों की मौजूदगी के कारण वे बिल्कुल मासूम प्रतीत हो रही थीं. घटना के बाद इलाके में सतर्कता बढ़ गई है और लोगों से अपील की जा रही है कि वे घरों के दरवाजे बंद रखें और अजनबियों से सावधान रहें.

