
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर क्लब के पास देर रात एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने पर्स की छिनतई कर ली. घटना 14 अक्टूबर की रात करीब 11.30 बजे की है. पीड़िता की पहचान शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 4 की रहने वाली सोनी कुमारी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, वह उस रात किसी काम से लौट रही थीं और शास्त्रीनगर क्लब होते हुए अपने घर की ओर जा रही थीं. इसी दौरान पीछे से आई एक बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया और फरार हो गए.
घटना के बाद सोनी कुमारी कुछ समय तक घबराहट में रहीं और परिजनों से सलाह के बाद तीन दिन बाद, यानी 17 अक्टूबर को कदमा थाना पहुंचीं. उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पर्स में मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, कुछ नगद राशि और महत्वपूर्ण कागजात थे. पुलिस ने उनकी लिखित शिकायत पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
कदमा थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के संबंध में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस की एक टीम क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ-साथ संदिग्ध युवकों से पूछताछ कर रही है. अधिकारी ने कहा कि “जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी असुरक्षा की भावना देखी जा रही है. क्षेत्रवासियों ने देर रात शास्त्रीनगर क्लब रोड पर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. उनका कहना है कि रात के समय असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ गई है. वहीं, पुलिस का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रात में पेट्रोलिंग बढ़ाई जा रही है ताकि क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

