
उदित वाणी, बहरागोड़ा : प्रखंड के गोपालपुर पंचायत अंतर्गत वृंदावनपुर गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में मीता रानी सीट (50) की बिजली करंट लगने से मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, महिला अपने घर में रोजमर्रा के काम कर रही थीं, तभी घर के लोहे के दरवाजे से सटा विद्युत तार उनके संपर्क में आ गया. दरवाजा छूते ही वह करंट की चपेट में आ गईं. परिजन कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई. स्थिति का जायजा लेने के लिए पंचायत के मुखिया भी मौके पर पहुंचे. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया गया कि मृतका के पति श्रीमंत सीट, धाबाचांदाड़ा मध्य विद्यालय में एसएमसी अध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं. परिवार में एक बेटा है.
हादसे की जानकारी पाकर विधायक समीर महंती मृतका के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया.

