
उदित वाणी, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना अंतर्गत कोतरोगढ़ा गांव में बुधवार को एक सर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. गांव के समीप सुनसान स्थान से बोरे में बंद एक व्यक्ति का धड़ बरामद होने के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गोइलकेरा के सारुड़ा गांव निवासी 65 वर्षीय हरिनाथ लुगुन उर्फ मंगरा के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि उनकी हत्या बेहद निर्ममता और पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से की गई है. हत्यारों ने मृतक का सिर धड़ से अलग कर किसी अन्य स्थान पर फेंक दिया, जबकि धड़ को बोरे में बंद कर सुनसान इलाके में फेंक दिया गया. शव की भयावह स्थिति देखकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण सहम गए.

घटना की सूचना मिलते ही गोइलकेरा थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गई. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हत्या का यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस द्वारा घटनास्थल की जांच और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा.

