
उदित वाणी, जमशेदपुर: मानगो स्थित वर्कर्स कॉलेज परिसर के बाहर गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब को-ऑपरेटिव कॉलेज के छात्रों के दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने अपने समर्थन में कुछ बाहरी युवकों को बुला लिया, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर दो छात्रों की जमकर पिटाई कर दी।
जानकारी के अनुसार, को-ऑपरेटिव कॉलेज के छात्रों की परीक्षा के लिए वर्कर्स कॉलेज को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा समाप्त होने के बाद किसी बात को लेकर छात्रों के दो गुटों में कहासुनी हुई, जो कुछ ही मिनटों में झगड़े में तब्दील हो गई। इसी दौरान एक छात्र ने फोन कर अपने साथियों को बुलाया। आरोप है कि जैसे ही ये युवक कॉलेज परिसर के बाहर पहुंचे, उन्होंने दो छात्रों पर बेल्ट, लात और घूंसे से हमला कर दिया।
इस अप्रत्याशित घटना से कॉलेज परिसर में मौजूद छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही मानगो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायल छात्रों को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावर युवकों की पहचान की जा सके। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि झगड़े की असल वजह क्या थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।

