
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना अंतर्गत रेल फाटक के सामने पोल संख्या 251/2 के पास बुधवार शाम करीब 4:30 बजे एक वृद्ध व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस और टाटानगर रेल पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि मृत व्यक्ति की उम्र लगभग 70 वर्ष के आसपास है. फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है. मृतक के पास से किसी प्रकार का पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान की जा सके. अधिकारियों ने अनुमान जताया है कि संभवतः वृद्ध व्यक्ति की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई होगी, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा.

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि वृद्ध व्यक्ति पिछले कुछ दिनों से फाटक के आसपास घूमते हुए देखा जा रहा था. स्थानीय लोगों ने जब उसे रेल लाइन के पास पड़ा देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी.
जीआरपी प्रभारी ने बताया कि शव को एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के थानों के माध्यम से मृतक की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है. साथ ही रेलवे स्टेशन क्षेत्र और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि वृद्ध की पहचान और उसकी अंतिम गतिविधियों का पता लगाया जा सके.
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को 70 वर्ष के आसपास के किसी लापता व्यक्ति की जानकारी हो, तो वे जुगसलाई थाना या टाटानगर जीआरपी से संपर्क करें.

