
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है. इसी कड़ी में उलीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट के एक खंडहरनुमा मकान में कुछ लोग अवैध रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे हैं.
सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. गुरुवार को दोपहर करीब 2:15 बजे टीम उलीडीह थाना से रवाना होकर स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट स्थित बताए गए स्थान पर पहुंची. पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे. हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया, जबकि अन्य लोग मौके से फरार हो गए.
गिरफ्तार युवक की पहचान उदय महतो (19) के रूप में हुई है, जो मानगो आजादबस्ती का निवासी बताया जा रहा है. तलाशी के दौरान उसके जींस पैंट की जेब से एक सफेद रंग का डिब्बा बरामद किया गया. डिब्बे को खोलने पर उसमें सफेद कागज में लिपटी कुल 27 पुड़िया मिलीं. जांच में सभी पुड़ियों में अवैध ब्राउन शुगर पाया गया.
पुलिस ने मौके पर विधिवत जप्ती सूची तैयार कर बरामद ब्राउन शुगर को जब्त कर लिया. बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 2.07 ग्राम बताया गया है. इस संबंध में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके.

