
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए मंगलवार को बड़ी सफलता हासिल की. पुलिस ने एक टेम्पो से अंग्रेजी शराब की भारी खेप बरामद की है. इस संबंध में थाना प्रभारी कुमार अभिषेक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था.
सूचना के आधार पर पुलिस ने शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित दुर्गा मंदिर के पास छापेमारी की. इस दौरान एक संदिग्ध टेम्पो को रोका गया. वाहन की तलाशी में कुल सात पेटियों से 329 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई. जब्त शराब में रॉयल स्टेज, मैक डॉल, स्टर्लिंग बी-7 और आइकॉनिक वाइट ब्रांड की 180 एमएल की बोतलें शामिल हैं.
पुलिस ने मौके से टेम्पो (गाड़ी संख्या जेएच05एक्स-9410) को जब्त कर लिया है, हालांकि चालक फरार होने में सफल रहा. उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है. मामले में उलीडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है. जांच अधिकारियों का मानना है कि यह शराब तस्करी संगठित गिरोह से जुड़ा हो सकता है.
छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी कुमार अभिषेक के साथ सहायक अवर निरीक्षक मुकेश दुबे, नागवंत पासवान और अजीत कुमार शामिल थे. थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी को बख्शा नहीं जाएगा.
