
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना पुलिस ने चोरी की एक स्कूटी को रांची से बरामद कर लिया है. साथ ही इस घटना में शामिल एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी की पहचान हैप्पी निश्चय तिर्की के रूप में हुई है, जो रांची के कोकर सरहुल नगर टुंकी टोली का निवासी है. पुलिस ने आरोपी को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
मामला 5 अप्रैल का है. जानकारी के अनुसार, उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर 5 स्थित विजय पथ से स्कूटी चोरी हुई थी. शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया. जांच में सुराग मिला कि चोरी की गई स्कूटी रांची में छिपाकर रखी गई है.
इस सूचना पर पुलिस टीम रांची पहुंची और छापेमारी की. छापेमारी के दौरान चोरी की गई स्कूटी बरामद हुई और आरोपी हैप्पी निश्चय तिर्की को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि इस चोरी में और कौन-कौन शामिल थे और क्या आरोपी ने पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है.
उलीडीह थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस चोरी-छिपे वाहन बेचने वाले गिरोह और उनसे जुड़े लोगों पर लगातार नजर रखे हुए है. आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है. लोगों का कहना है कि पुलिस की तत्परता से अपराधियों के मनोबल पर अंकुश लगेगा और क्षेत्र में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी.
