
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना अंतर्गत देव विल्ला, चटाई कॉलोनी में शनिवार दोपहर जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. यह घटना करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई, जिसमें एक पक्ष के रविंदर गौड़ पर जानलेवा हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल रविंदर गौड़ को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुँचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
पीड़ित रविंदर गौड़ ने बताया कि विवादित जमीन उन्होंने कई वर्ष पहले खरीदी थी और उसके वैध कागजात उनके पास हैं. इसके बावजूद दूसरा पक्ष लगातार जमीन पर दावा करता रहा है और विवाद खड़ा करता रहा है. रविंदर गौड़ के अनुसार, इससे पहले भी उनके घर पर गोली चल चुकी है. उन्होंने इस संबंध में मानगो थाना, उलीडीह थाना, एसपी ऑफिस सहित उच्चाधिकारियों से लिखित शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई न होने से विरोधी पक्ष के हौसले बढ़ते गए.

रविंदर गौड़ ने बताया कि शुक्रवार से विवादित जमीन पर दूसरे पक्ष ने अवैध रूप से निर्माण कार्य शुरू कर दिया था. सूचना मिलने पर शनिवार को वह मौके पर पहुंचे और काम रुकवाने की कोशिश की, तभी पहले से मौजूद युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावरों ने बेल्ट, लाठी और लात-घूंसे से बेरहमी से पिटाई की. इस दौरान करीब 6–7 लोग हमले में सीधे तौर पर शामिल थे. मुख्य आरोपियों में निखिल गोप, सुरेश गोप, बैजनाथ गोप, सूर्य गोप के नाम सामने आए हैं.
पीड़ित का आरोप है कि पिछले कई दिनों से जमीन के आसपास 20–30 लोग शराब पीकर अड्डा जमा रहे थे, जिनमें कई असामाजिक तत्व शामिल थे. इन लोगों द्वारा उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई.
पीड़ित पक्ष ने जिला प्रशासन और पुलिस से तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने हमलावरों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

