
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के संजय पथ स्थित सर्वोदय पथ में रहने वाली कंचन देवी से तीन कथित साधुओं ने ठगी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. साधुओं ने पत्थर को सोना बनाने का ढोंग रचकर महिला से करीब तीन से चार लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने ठग लिए और फरार हो गए. घटना के समय महिला घर में अकेली थी.
बताया जाता है कि दोपहर के समय तीन साधु कंचन देवी के घर पहुंचे. उन्होंने खुद को सिद्ध पुरुष बताते हुए चमत्कार दिखाने की बात कही. साधुओं ने एक पत्थर दिखाते हुए दावा किया कि वे उसे सोने में बदल सकते हैं. उनकी बातों और हाव-भाव से प्रभावित होकर महिला उनके झांसे में आ गई. साधुओं ने कहा कि इस प्रक्रिया में घर में मौजूद सोना “शुद्ध” होकर कई गुना बढ़ जाएगा.
इसके बाद उन्होंने महिला से घर में रखे सभी सोने के गहने लाने को कहा. महिला ने अपनी सोने की चेन, जिउतिया समेत अन्य गहने उन्हें सौंप दिए. साधुओं ने गहनों को कपड़े की एक पोटली में बांधा और मंत्र पढ़ते हुए महिला को कुछ देर तक पोटली न खोलने की हिदायत दी. इसके बाद वे घर से निकल गए.
साधुओं के जाने के कुछ समय बाद जब महिला ने पोटली खोली तो उसमें असली गहनों की जगह नकली वस्तुएं और पत्थर निकले. यह देखकर महिला के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई. पड़ोसियों की मदद से महिला ने परिजनों को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पति चंदन कुमार घर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी उलीडीह थाना को दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के चमत्कार या झांसे में न आएं और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें.

