
उदित वाणी, जामताड़ा : नारायणपुर थाना क्षेत्र में जामताड़ा साइबर अपराध थाना की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. यह छापामारी उत्क्रमित मध्य विद्यालय कशियाटांड़ के आगे सिनबार के झाड़ी के पास की गई, जहां आरोपी साइबर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे थे.
साइबर अपराध थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मुख्य रूप से फोन पे के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे. गुप्त सूचना मिलने के बाद उसके सत्यापन के उपरांत पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए मौके से हातिम अंसारी, बिनोद मंडल एवं नजरूद्दीन अंसारी को गिरफ्तार किया.
छापामारी के दौरान पुलिस ने साइबर अपराध में प्रयुक्त सात मोबाइल फोन और सात सिम कार्ड भी बरामद किए हैं. प्रारंभिक पूछताछ में तीनों आरोपियों ने ठगी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क की गहन जांच कर रही है तथा इनके संपर्क में रहे अन्य साइबर अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्य आरोपी हातिम अंसारी पूर्व में वर्ष 2018 में भी साइबर अपराध के मामले में जेल जा चुका है. उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या ऑनलाइन लेन-देन के दौरान पूरी सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.

