
- विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) ने 45 स्मार्टफोन, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण किए बरामद
उदित वाणी, जमशेदपुर: घाटशिला थाना अंतर्गत मउभण्डार बाजार स्थित मोबाइल दुकान निदा कम्युनिकेशन में बीते 11 जून की रात हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। घाटशिला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) ने तकनीकी अनुसंधान और कुशल कार्रवाई के तहत बिहार के पूर्णिया जिले से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से चोरी गए मोबाइल दूरभाष, नकद राशि और अन्य विद्युत उपकरण बरामद किए हैं।
यह घटना 11 जून 2025 की रात की है, जब मउभण्डार बाजार के दुकान संख्या-09 निदा कम्युनिकेशन में अज्ञात चोरों ने घर के पीछे से प्रवेश कर दरवाजे की कुंडी तोड़ दी और दुकान में रखे लगभग 50 आधुनिक मोबाइल दूरभाष, जिनकी कुल अनुमानित कीमत साढ़े सात लाख रुपये आँकी गई, चुरा लिए। इसके अतिरिक्त चोरों ने गल्ले में रखे पचास हजार रुपये नकद, मोबाइल चार्जर, कान फ़ोन तथा अन्य विद्युत उपकरणों पर भी हाथ साफ किया। मोबाइल दुकान के मालिक परवेज़ हुसैन ने इस संबंध में स्थानीय थाना में लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देश पर घाटशिला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी निगरानी और दूरभाष विवरणों के विश्लेषण से यह ज्ञात हुआ कि चोरी किए गए मोबाइल दूरभाष बिहार के पूर्णिया जिले में सक्रिय हैं और वहीं उपयोग में लाए जा रहे हैं। पुलिस ने बहालुल और मो० शकलेन को पूर्णिया से गिरफ्तार किया गया है। दोनों को पारगमन रिमांड पर पूर्णिया से पूर्वी सिंहभूम लाया गया है। घाटशिला थाना में इनसे गहन पूछताछ की जा रही है और इनके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
बिहार में टीम द्वारा छापामारी
घाटशिला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर एक पुलिस दल को त्वरित रूप से पूर्णिया (बिहार) भेजा गया। वहाँ की स्थानीय पुलिस के सहयोग से दल ने कारगर छापेमारी की और दो संदिग्धों को धर-दबोचा। पूछताछ में दोनों ने चोरी की बात स्वीकार की तथा उनकी निशानदेही पर चोरी गया अधिकांश माल बरामद किया गया।
बरामदगी का विवरण
पुलिस दल द्वारा की गई छापेमारी में कुल 45 आधुनिक मोबाइल दूरभाष (चोरी गए 50 में से),
33 मोबाइल चार्जर, 1 कान फ़ोन (हेडफोन), ₹25,000 नकद राशि (चोरी गई ₹50,000 में से), पुलिस के अनुसार शेष पाँच मोबाइल संभवतः पहले ही बिक्री कर दिए गए हैं, जिनकी खोजबीन जारी है। साथ ही शेष नगद राशि की भी जानकारी प्राप्त की जा रही है।

