
उदित वाणी जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के कागलनगर एक्सटेंशन स्थित रानी सति अपार्टमेंट में बंद फ्लैट का ताला तोड़कर चोरी की घटना सामने आई है। पीड़ित महिला सना सगुफ्ता खान 22 सितंबर को परिवार के साथ बाहर गई थीं और 27 सितंबर की सुबह लौटीं। लौटने पर उन्होंने देखा कि फ्लैट का ताला टूटा हुआ है और अंदर के सामान बिखरे पड़े हैं। अलमारी से नकदी और जेवर गायब थे। तत्काल उन्होंने इसकी सूचना सोनारी थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर चंद घंटों में ही आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान बारीडीह निवासी शुभम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए जेवर और नकदी भी बरामद कर लिए।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि त्वरित कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों में भय पैदा करना और लोगों का भरोसा बनाए रखना है।

