
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के बुधवार सुबह में बरामद अज्ञात युवक के शव की पहचान हो गई है. मृतक की पहचान गोविंदपुर निवासी अजय श्रीवास्तव (26 वर्ष) के रूप में की गई है. अजय इलाके में चिकन शॉप चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके परिवार में मां, पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं. जैसे ही शव मिलने की सूचना परिजनों तक पहुंची, घर में मातम छा गया. मां और पत्नी बेसुध होकर रोने लगीं, वहीं छोटे बच्चे पिता को ढूंढ़ते नजर आए.
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम एमजीएम अस्पताल में करा लिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. परिजनों ने अजय के एक दोस्त राज नामक युवक पर संदेह जताया है. उनका कहना है कि राज पहले भी अजय को घर से बुलाने आता था. परिजनों के मुताबिक, घटना के दिन भी एक युवक मास्क पहनकर अजय को बुलाने पहुंचा था, हालांकि किसी ने उसकी साफ पहचान नहीं की.
मृतक के मां का आरोप है कि अजय को साजिश के तहत घर से बाहर बुलाया गया. पुलिस इस बिंदु को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और कॉल डिटेल्स भी निकाली जा रही हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

