
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के बारी नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 13 वर्षीय किशोर मोहम्मद नादिर नदीम खान की तालाब में डूबने से मौत हो गई. यह दर्दनाक हादसा बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे हुआ, जब मोहम्मद नादिर अपने दो दोस्तों के साथ टेल्को स्टेट स्थित रामदास सोरेन के तालाब में नहाने गया था.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहाने के दौरान नादिर का अचानक पैर फिसल गया और वह गहराई की ओर चला गया. दोस्तों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक नादिर पानी में पूरी तरह समा चुका था. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना परिवार को दी. परिजन मौके पर पहुंचे और उसे किसी तरह तालाब से बाहर निकाला गया. इसके बाद आनन-फानन में उसे टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे आईसीयू में भर्ती किया.
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि लड़के को जब लाया गया तब वह अचेत अवस्था में था. डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मोहम्मद नादिर, बड़ी नगर निवासी नदीम खान का इकलौता पुत्र था. वह टेल्को स्टेट स्थित हिल टॉप स्कूल का छात्र था और सातवीं कक्षा में पढ़ता था. परिवार व मोहल्ले में उसकी मौत से शोक की लहर दौड़ गई है. परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तालाब के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. तालाब की गहराई अधिक होने के कारण वहां नहाना जानलेवा साबित हो सकता है, खासकर बच्चों के लिए.
टेल्को थाना पुलिस ने मामले की जानकारी ली है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश डूबने का है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर गर्मियों में बच्चों के खुले जलस्रोतों में नहाने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. विशेषज्ञों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्कूलों, परिवारों और प्रशासन को मिलकर बच्चों को इस प्रकार के जोखिम से बचाने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए.

