
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के रामाधिन बगान, इंद्रनगर में रविवार देर रात शराबियों ने उत्पात मचा दिया. शिव मंदिर परिसर में बैठकर शराब पी रहे युवकों ने महिलाओं के सामने बम फोड़ दिया. विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर महिलाओं और मेहमानों के साथ मारपीट की, जिसमें तीन लोग घायल हो गए.
स्थानीय निवासी मुकेश शाह के अनुसार, नितीश यादव, हर्ष पाण्ड्य और भोला यादव पिछले कई दिनों से मंदिर परिसर में शराब पीते हैं. इसकी शिकायत कई बार टेल्को थाना में की गई, लेकिन किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई. रविवार रात नशे की हालत में आरोपियों ने महिलाओं से अभद्रता की और कुछ अज्ञात युवकों को बुलाकर मंदिर परिसर में रखी कुर्सियां तोड़ दीं.
इसके बाद आरोपी मुकेश शाह के घर में घुस गए और महिलाओं व मेहमानों के साथ मारपीट की. इतना ही नहीं, घर पर पथराव भी किया गया. इस घटना में तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पहले भी मंदिर में शराब पीने की शिकायत के बावजूद पुलिस मौन रही. अब देखना होगा कि पुलिस इस घटना के बाद आरोपियों पर क्या कार्रवाई करती है.

