
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के पटेलनगर रोड नंबर 7 में सोमवार को एक महिला ने मानसिक अवसाद के कारण आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान सोनी कुमारी के रूप में हुई है. पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
मिली जानकारी के अनुसार, सोनी कुमारी की शादी 10 दिसंबर 2018 को रांची में हुई थी. शादी के कुछ वर्षों बाद से ही वह अपने मायके टेल्को आकर रहने लगी थी. बताया गया कि शादी के छह साल बाद भी संतान न होने के कारण सोनी मानसिक तनाव में रहती थी. परिवार के अनुसार, सोनी पहले भी कई बार फांसी लगाने का प्रयास कर चुकी थी और उसका इलाज रांची व जमশेदपुर के विभिन्न चिकित्सालयों में चल रहा था.
घटना सोमवार दोपहर की है, जब सोनी घर में अकेली थी. इसी दौरान उसने दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों के घर लौटने पर मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला. काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों की मदद से उसे तोड़ा गया. अंदर सोनी फंदे से झूलती मिली. तुरंत उसे उतारकर परिजन टीएमएच अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलने पर सोनी का पति, जो रांची में कार्यरत है, देर रात जमशेदपुर पहुंचा. पुलिस ने पूरे मामले में यूडी केस दर्ज कर पोस्टमॉर्टम कराया. मंगलवार को विधि- व्यवस्था पूरी करने के बाद शव को परिवार वालों के हवाले कर दिया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

