
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना अंतर्गत टेल्को कॉलोनी स्थित चिड़िया पार्क के पास सोमवार शाम हुए मारपीट और चापड़ हमले मामले में नया मोड़ सामने आया है. स्थानीय निवासी रिया कुमारी ने आरोप लगाया है कि शाम लगभग 4:45 बजे उनके पड़ोसी अनिकेत सिंह राजपूत और उसके परिवार ने मिलकर उनके परिवार पर जानलेवा हमला किया.
पीड़िता के अनुसार, अनिकेत सिंह शराब के नशे में उनके भाई को गाली दे रहा था. इसी दौरान उसकी बहन नंदिनी सिंह शराब की बोतल लेकर उनके घर के बाहर पहुंची और अभद्र भाषा का प्रयोग किया. रिया का आरोप है कि जब वह और उनकी मां स्थिति समझने बाहर निकलीं, तो नंदिनी ने उनके बाल पकड़ लिए. कुछ ही देर बाद नंदिनी की मां शोभा देवी भी लाठी लेकर वहां पहुंच गईं.
रिया ने बताया कि तभी अनिकेत सिंह अपने भाई के साथ कथित रूप से तलवार, चापड़ और चाकू लेकर आया और पूरे परिवार पर हमला बोल दिया. इस दौरान नंदिनी ने शराब की बोतल उनके सिर पर दे मारी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं. उनके कपड़े भी फाड़े जाने का आरोप है. हमला रोकने पहुंचे रिया की मां, भाई और दादी भी घायल हो गए.
हंगामे के दौरान पत्थरबाजी भी की गई, जिसमें एक पड़ोसी की कार क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है. घटना के बाद रिया टेल्को थाना पहुंचीं, लेकिन आरोप है कि लगभग दो घंटे इंतजार करने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं की गई. बाद में उन्हें गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके सिर में टांके लगे हैं.
रिया ने बताया कि अनिकेत पहले भी उनके भाई को धमकियां देता रहा है और एक वर्ष पूर्व उसके परिवार ने 10 लड़कों को बुलाकर पत्थरबाजी की थी, जिसका समझौता हो गया था. नंदिनी द्वारा लगाए गए छेड़छाड़ के आरोपों को रिया ने पूरी तरह खारिज किया है. रिया ने प्रशासन से आरोपितों के पुराने रिकॉर्ड की जांच कराने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

