
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के टेल्को कॉलोनी स्थित रोड नंबर-31 में बीते दिनों चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. क्वार्टर संख्या के-3 में रहने वाले टाटा मोटर्स के अधिकारी भानु प्रताप सिंह के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 25 लाख रुपये मूल्य के कैश व कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. घटना से पूरे कंपनी क्षेत्र में हड़कंप मचा है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.
जानकारी के अनुसार, भानु प्रताप सिंह किसी निजी कार्य से बाहर गए हुए थे. इसी दौरान चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी व कमरों की तलाशी लेते हुए नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. सुबह स्थानीय लोगों ने घर का ताला टूटा देखा तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई. इसकी सूचना तत्काल टेल्को थाना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने बयान दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है ताकि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह वारदात किसी पेशेवर गैंग द्वारा अंजाम दी गई प्रतीत हो रही है. कई कोणों से मामले की छानबीन की जा रही है.
उधर, चोरी की इस घटना के बाद टेल्को कॉलोनी समेत आसपास के इलाकों में चिंता और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों ने बताया कि टेल्को क्षेत्र में पुलिस के साथ-साथ टाटा मोटर्स सुरक्षा विभाग की भी गश्ती टीम सक्रिय रहती है, बावजूद इसके इतनी बड़ी चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है. लोगों ने पुलिस और टाटा मोटर्स प्रबंधन से रात्रि गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर निगरानी और कॉलोनी में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरी गए सामान की बरामदगी की जाएगी. फिलहाल जांच जारी है.

