
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के टेल्को कॉलोनी में सोमवार की शाम चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई. कॉलोनी के निवासियों ने देखा कि एक क्वार्टर का ताला टूटा हुआ है. संदेह होने पर उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया.
पुलिस जांच में सामने आया कि घर के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी का ताला टूटा हुआ है. पड़ोसियों ने घटना की जानकारी मकान मालिक को दी. इसके बाद मकान मालिक ने अपने चचेरे भाई संजीव चौधरी को मौके पर भेजा. पुलिस ने उनके सामने पूरे घटनास्थल का जायजा लिया.
संजीव चौधरी ने बताया कि यह मकान उनके चाचा का है, जो फिलहाल गंगा स्नान के लिए बिहार के बेगूसराय सिमरिया गए हुए हैं. उनके लौटने पर ही पता चल सकेगा कि चोरों ने घर से कौन-कौन सा सामान चोरी किया है और कितने की संपत्ति का नुकसान हुआ है.
टेल्को थाना पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और इलाके में मुखबिरों का नेटवर्क सक्रिय कर दिया गया है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

