
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो डिमना रोड स्थित संजय पथ में सोमवार देर रात तड़ीपार गुड्डू पांडेय के घर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी टेका चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है. टेका चौधरी मानगो आस्था स्पेस टाउन का निवासी है. पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल समेत कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.
घटना के संबंध में बताया गया कि टेका चौधरी अपने एक साथी के साथ बाइक से गुड्डू पांडेय के घर पहुंचा था. उसने पहले कॉल बेल बजाई, फिर गाली-गलौज करते हुए दोनों हाथों में पिस्तौल लेकर फायरिंग शुरू कर दी. घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. गोलियों की आवाज से इलाके में अफरातफरी मच गई. उस समय गुड्डू पांडेय घर में मौजूद नहीं था, क्योंकि वह तड़ीपार घोषित है.
फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन बाहर निकले, तब तक दोनों हमलावर मौके से फरार हो चुके थे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी की और मंगलवार सुबह आरोपी टेका चौधरी को दबोच लिया. बताया जाता है कि टेका चौधरी शातिर अपराधी अमरनाथ सिंह की हत्या के मामले में पहले जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था. उसका संबंध गणेश सिंह गिरोह से बताया जा रहा है.
इस मामले में गुड्डू पांडेय के पिता बिजेन्द्र पांडेय ने उलीडीह थाना में टेका चौधरी उर्फ दीपक चौधरी व एक अन्य के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है.

