
उदित वाणी, जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के टाटानगर आरपीएफ की उड़नदस्ता टीम ने शनिवार देर रात मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टाटानगर रेलवे स्टेशन से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया. इनके पास से 36.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 18 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है.
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. शंकर कुट्टी के निर्देश पर मंडल में “ऑपरेशन नारकोस” अभियान चलाया जा रहा है. सीसीटीवी कैमरों और दस्ते की निगरानी से संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है. इसी क्रम में शनिवार रात करीब साढ़े तीन बजे 18006 समलेश्वरी एक्सप्रेस से प्लेटफॉर्म संख्या पांच पर उतरे तीन युवक जांच के दायरे में आए.
तीनों के पास एक-एक पिट्ठू और ट्रॉली बैग था. नए फुट ओवरब्रिज से बाहर निकलते समय हावभाव संदिग्ध लगने पर आरपीएफ ने रोककर तलाशी ली. बैगों से प्लास्टिक पैकिंग में रखा गांजा बरामद किया गया. पूछताछ में उन्होंने बताया कि माल ओडिशा के रुपरा से लाया गया था और उत्तर प्रदेश के बनारस में सप्लाई किया जाना था.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिमी चंपारण निवासी मंजूर अली (22), कुशीनगर निवासी विवेकानंद गुप्ता (23) और बलिया निवासी अशोक गिरी (40) के रूप में हुई है. तीनों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए टाटानगर रेल थाना को सुपुर्द कर दिया गया है.
आरपीएफ के अनुसार, अभियान के तहत हाल में भी तस्करी की कई घटनाओं पर रोक लगाई गई है. 28 नवंबर को पलामू निवासी उदय कुमार के पास से 17 किलो और 27 सितंबर को पटना निवासी विकास कुमार से 20 किलो गांजा बरामद किया गया था.
आरपीएफ का कहना है कि “ऑपरेशन नारकोस” आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और मंडल में ड्रग तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने का प्रयास जारी है.

