
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज पर बुधवार की सुबह एक 51 वर्षीय व्यक्ति की अचानक मौत हो गई. मृतक की पहचान कोलकाता के मौलाअली निवासी सुबीर मंडल के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार सुबीर मंडल दो दिन पूर्व अपने एक साथी के साथ जमशेदपुर आए थे. यहां वह शहर के एक क्लब में साउंड सिस्टम की मरम्मत करने पहुंचे थे और काम पूरा होने के बाद बुधवार को कोलकाता लौटने की तैयारी में थे.
बुधवार की सुबह सुबीर मंडल अपने साथियों के साथ रांची-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस से वापस लौटने के लिए टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचे. बताया जाता है कि ट्रेन पकड़ने के लिए वह प्लेटफॉर्म नंबर चार-पांच की ओर जाने वाले फुट ओवरब्रिज की सीढ़ियां चढ़ रहे थे. इस दौरान अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई और वह वहीं लड़खड़ा गए. चंद सेकेंडों में ही उनकी स्थिति बिगड़ गई और बेहोश होकर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोग तत्काल मदद के लिए आगे आए, लेकिन तब तक सुबीर मंडल की मौत हो चुकी थी.
घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हृदयाघात (हार्ट अटैक) की आशंका व्यक्त की जा रही है. मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई थी. मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुबीर मंडल पहले से ही हृदय रोग से पीड़ित थे और दवाइयों का सेवन भी जारी था. इसी बीच यात्रा के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से यह हादसा हुआ है.
रेल पुलिस ने सनहा दर्ज कर सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे वे अंतिम संस्कार के लिए कोलकाता लेकर रवाना हो गए. इस घटना से स्टेशन पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही, बाद में स्थिति सामान्य हो गई.

