
उदित वाणी, जमशेदपुर : रेल थाना टाटानगर की पुलिस ने एक अहम सफलता हासिल करते हुए चोरी के एक मामले का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात चोरों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी गया एक लैपटॉप, एक टैब और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं.
यह कार्रवाई रेल थाना टाटानगर कांड संख्या 46/25 में दर्ज किया गया है. धारा 305(सी), भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत दर्ज मामले के सिलसिले में की गई है. पुलिस की सूझबूझ और सक्रियता के चलते मात्र 9 दिनों में इस चोरी का उद्भेदन कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
अब्दुल फिरोज ( 51), मननत अपार्टमेंट, सेकंड फ्लोर, बी-4, थाना दर्गाही मोहल्ला, प्लांट साइड, राउरकेला और कपिल चंद्र (40), मोहल्ला शास्त्री नगर, ब्लॉक संख्या 3, थाना कदमा, का निवासी है.
दोनों आरोपियों को 26 मई को गिरफ्तार किया गया. तलाशी के दौरान इनके पास से एक लैपटॉप, एक टैब, तीन मोबाइल फोन बरामद किया गया.
रेल पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुके हैं. पुलिस अब इनके पुराने मामलों की भी जांच कर रही है ताकि इनके पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके.
रेल थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी की वारदात 17 मई को टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में हुई थी, जब एक यात्री की कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामग्री चोरी हो गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया था, जिसने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया.
रेल पुलिस की तत्परता और सक्रियता के लिए मिली सराहना
रेल पुलिस की इस सफलता की सराहना स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने भी की है. आम जनता में इससे विश्वास बढ़ा है कि रेलवे परिसर में होने वाले अपराधों पर अब कड़ी नजर रखी जा रही है.
रेल थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि टाटानगर स्टेशन और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी मॉनिटरिंग और गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा.
जांच जारी
फिलहाल पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि कहीं ये चोरी का एक बड़ा गिरोह तो नहीं चला रहे थे. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है.

