
उदित वाणी, पटमदा : बोड़ाम प्रखंड के बंगोई गांव के बड़डीह टोला स्थित टाटा स्टील फाउंडेशन के कार्यालय में रविवार रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और फिर ग्राउंड फ्लोर पर स्थित कमरे के ताले भी तोड़ दिए.
इनवर्टर-बैटरी लेकर फरार, दस्तावेज किए बिखेर
फाउंडेशन के कर्मचारी शंकर कच्छप ने बताया कि कमरे में रखे इनवर्टर और बैटरी को चोर उठा ले गए. चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 35 हजार रुपये बताई गई है. चोरों ने अलमारी और टेबल की तलाशी ली और कई दस्तावेजों को बिखेर कर चले गए.
सुबह खुला चोरी का राज
सोमवार सुबह जब कर्मचारी 8:30 बजे कार्यालय पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला. तत्काल स्थिति को समझते हुए वे सुबह 10 बजे बोड़ाम थाना पहुंचे और घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई.
क्षेत्र में पहले भी हो चुकी हैं वारदातें
बोड़ाम प्रखंड में बीते एक महीने से चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं. 26 मई की रात को बोड़ाम थाना के पास स्थित हेंब्रम स्पोर्ट्स दुकान से भी 70 हजार रुपये नकद और खेल सामग्री की चोरी हो चुकी है.
पुलिस प्रशासन पर उठ रहे सवाल
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है. लोगों का कहना है कि पुलिस को गश्ती और निगरानी बढ़ानी चाहिए ताकि चोरों के हौसले पस्त हों और जनता को राहत मिले.

