
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हाउसिंग कॉलोनी निवासी टाटा मोटर्स कर्मी चित्तरंजन स्वाई साइबर ठगी का शिकार हो गए. अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से 1 लाख 55 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली. इस संबंध में पीड़ित ने जमशेदपुर साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
पीड़ित चित्तरंजन स्वाई ने पुलिस को बताया कि बुधवार की रात उनके व्हाट्सएप पर एक बैंक एप को अपडेट करने से संबंधित एक लिंक आया था. मैसेज में लिखा था कि उनका बैंक एप अपडेट नहीं है और यदि समय रहते अपडेट नहीं किया गया तो बैंकिंग सेवाएं बाधित हो सकती हैं. मैसेज को बैंक से जुड़ा मानते हुए उन्होंने दिए गए लिंक पर क्लिक कर दिया.
लिंक पर क्लिक करते ही उनके व्हाट्सएप पर एक कथित बैंक एप का लिंक आया, जिसे उन्होंने डाउनलोड कर लिया. एप इंस्टॉल होने के बाद जब उसे चालू करने में परेशानी होने लगी, उसी दौरान उनके मोबाइल पर एक कॉल आया. कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताया और एप डाउनलोड व अपडेट में मदद करने की बात कही. बातों में उलझाकर उसने चित्तरंजन से खाता संख्या, एटीएम कार्ड नंबर और सीवीवी नंबर जैसी गोपनीय जानकारी हासिल कर ली.
गुरुवार सुबह जब चित्तरंजन ने अपने बैंक खाते की जांच की तो उन्हें खाते से 1.55 लाख रुपये की निकासी का पता चला. इसके बाद उनके होश उड़ गए. ठगी का एहसास होते ही उन्होंने तत्काल बैंक से संपर्क किया और फिर साइबर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी. साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संबंधित बैंक खाते, मोबाइल नंबर व ट्रांजेक्शन डिटेल्स की जांच की जा रही है.

