
उदित वाणी, चांडिल : डेम रोड स्थित आदर्श कॉलोनी चौक के समीप सोमवार शाम करीब 4:30 बजे टाटा मैजिक और बाइक की जोरदार टक्कर में पिता–पुत्री समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को तुरंत चांडिल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया.
घायलों की पहचान नाड़गाड़ीह निवासी बाइक चालक गोपाल टुडू (37), उनकी पुत्री खुशी टुडू (6), सुकुरमनी सरदार (50) एवं सुनीता टुडू (18) के रूप में हुई है. दुर्घटना में गोपाल और उनकी पुत्री को गंभीर चोटें आईं, जबकि सुनीता टुडू को पेट पर चोट लगी है और सुकुरमनी सरदार को मामूली चोट आई है.

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है.
घटना के बाद आदर्श कॉलोनी के लोगों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. पुलिस ने दोनों वाहनों जब्त कर जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोग प्रशासन से डेम रोड पर नियंत्रित गति और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान चलाने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके.
यह हादसा इलाके में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के बीच हुआ है, जहां अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण कई दुर्घटनाएं होती रहती हैं. स्थानीय जनता की मांग है कि यहां यातायात नियंत्रण और पुलिस गश्त और कड़ी की जाए.

