
उदित वाणी, जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के तमोलिया में मंगलवार की सुबह ऑटो हटाने को लेकर ऑटो चालकों और कार चालक पक्ष के बीच कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया. दोनों ओर से लाठी-डंडे चल गए, जिसमें करीब सात से आठ लोग घायल हो गए. सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एमजीएम अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
घटना की शुरुआत तब हुई जब एक ऑटो चालक ने तमोलिया चौक के पास सड़क किनारे वाहन खड़ा किया. उसी दौरान गुजर रहे कार चालक ने रास्ता रोकने की बात कहकर ऑटो हटाने को कहा. इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते मौके पर अन्य ऑटो चालक और कार चालक के साथी भी जुट गए, जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई.
सूचना मिलने पर कपाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर किया. पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. बताया जा रहा है कि घटना के दौरान दोनों ओर से पथराव भी हुआ, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय दुकानदारों ने सुरक्षा की दृष्टि से दुकानें बंद कर दीं.
कपाली थाना प्रभारी ने बताया कि घायल दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं. मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े.

