
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत डिमना चौक स्थित सन इंटरनेशनल होटल में ठहरे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक चतरा (झारखंड) का रहने वाला था और मंगलवार रात करीब 10 बजे अपने तीन साथियों के साथ जमशेदपुर पहुंचा था. बुधवार सुबह उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवक के साथ पहुंचे तीनों साथियों ने होटल स्टाफ को सुबह जानकारी दी कि मृतक की तबीयत अचानक खराब हो गई थी. आनन-फानन में उसे टीएमएच ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे बचा नहीं सके. मृतक की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है. परिजन चतरा से जमशेदपुर के लिए रवाना हो चुके हैं.
घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना प्रभारी राम बाबू तिवारी पुलिस दल के साथ टीएमएच पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. थाना प्रभारी ने बताया कि शव को फिलहाल टीएमएच के शवगृह में रखा गया है और परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा.
हर पहलू की हो रही जांच: थाना प्रभारी
थाना प्रभारी राम बाबू तिवारी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मृतक के साथ ठहरे तीनों युवकों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही होटल स्टाफ और वहां मौजूद अन्य लोगों से भी जानकारी ली जा रही है.
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसमें किसी प्रकार की कोई साजिश शामिल है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जमशेदपुर आने का उद्देश्य क्या था और मृतक किन परिस्थितियों में होटल के कमरे में था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
परिजनों के आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा. मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी.
घटना के बाद सन इंटरनेशनल होटल प्रबंधन में भी हलचल मची हुई है. होटल के एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि मृतक और उसके साथी मंगलवार रात एक साथ होटल आए थे और उन्होंने दो कमरे बुक किए थे. उन्होंने सामान्य व्यवहार किया और किसी तरह की कोई असामान्यता नहीं दिखी थी.

