उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के कागलनगर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका की पहचान 23 वर्षीय रिता कुमारी महतो के रूप में हुई है, जिसकी शादी हाल ही में 29 अप्रैल 2025 को सोनारी कागलनगर निवासी चंदन महतो से हुई थी। वह गम्हरिया थाना क्षेत्र के चित्रगुप्त नगर निवासी शंभू महतो की बहन थी।
घटना गुरुवार की है। रिता का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजन तत्काल उसे टीएमएच अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना को लेकर मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। रिता के भाई शंभू महतो ने सोनारी थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए सास, ससुर और पति पर दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ससुराल वालों ने बाइक की मांग की थी, जो पूरी न होने पर रिता की हत्या कर उसे फांसी पर लटका दिया गया।
वहीं, रिता के पति चंदन महतो का कहना है कि रिता हमेशा कुछ न कुछ उनसे छुपाया करती थी। गुरुवार को उन्होंने उसके मोबाइल में पुराने दिनों की कुछ तस्वीरें उसके बॉस के साथ देख लीं, जिससे नाराज होकर दोनों के बीच बहस हुई। इसके बाद वे बिना कुछ बताए ड्यूटी पर चले गए। बाद में जब उन्होंने घर फोन किया, तो मां ने बताया कि रिता ने आत्महत्या कर ली है।
चंदन ने दहेज में बाइक मांगने के आरोप को गलत बताते हुए कहा कि शादी के समय जब उनके परिवार वालों से पूछा गया कि उन्हें क्या चाहिए, तो उन्होंने सिर्फ यह कहा कि उनकी पुरानी बाइक बदल दी जाए।
शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल ससुराल पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।