
उदित वाणी, जमशेदपुर : सुंदरनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम हुई सड़क दुर्घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक सवार युवक तेज रफ्तार में जा रहे थे तभी अचानक सामने आए वाहन से हुई टक्कर में सभी युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत घायलों को एंबुलेंस से सदर अस्पताल भिजवाया.
सदर अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया. सदर अस्पताल में सिटी स्कैन सुविधा और ऑर्थो सर्जन उपलब्ध नहीं थे, जिसके कारण घायलों की जांच और उपचार में बाधा उत्पन्न हुई. यह स्थिति अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है.
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सदर अस्पताल का निरीक्षण कर यह दावा किया था कि अस्पताल की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा. लेकिन वास्तविकता यह है कि आज भी अस्पताल में कई महत्वपूर्ण चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है. खासकर गंभीर सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में सिटी स्कैन मशीन और विशेषज्ञ डॉक्टरों की अनुपस्थिति मरीजों के जीवन के लिए खतरा साबित हो सकती है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सदर अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण सरकारी संस्थान में बुनियादी चिकित्सा सुविधाएं न होना बेहद चिंताजनक है. समय पर सिटी स्कैन और ऑर्थो सर्जन उपलब्ध होते तो घायलों को बेहतर इलाज यहीं मिल सकता था. लेकिन संसाधनों की कमी के कारण मरीजों को रेफर करना प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है.
फिलहाल तीनों घायलों का एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. घटना ने एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था की खामियों को सामने ला दिया है.

