
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कीताडीह ग्वालापट्टी में शुक्रवार रात घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने गले की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया. गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार कीताडीह ग्वालापट्टी निवासी अमित सिंह (24) डीवीसी के एक ठेकेदार के अधीन बिजली मीटर लगाने का काम करता है. बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह से ही वह नशे की हालत में था और इसी कारण घर के लोगों के साथ उसका विवाद चल रहा था. दिन भर परिजन उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन झगड़ा शांत नहीं हुआ.
अमित के भाई बिल्लू सिंह ने बताया कि स्थिति बिगड़ने पर रात करीब साढ़े नौ बजे बागबेड़ा थाना पुलिस को बुलाया गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर के बाहर खड़े होकर परिवार के लोगों से बातचीत कर रही थी.
इसी बीच पुलिस बुलाने से नाराज अमित अचानक आक्रोशित हो गया और किसी धारदार वस्तु से अपने गले की नस काट ली. यह देख मौके पर हड़कंप मच गया. परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे उठाकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया.
डॉक्टरों के अनुसार युवक की स्थिति गंभीर है और उसका इलाज जारी है. वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
